JPSC-JSSC भर्ती में कथित अनियमितताओं के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, डीसी कार्यालय तक निकाला विशाल विरोध मार्च

जमशेदपुर: झारखंड में JPSC एवं JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में भारतीय जनता पार्टी, जमशेदपुर महानगर ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेतृत्व में शनिवार को जिला कार्यालय से उपायुक्त (डीसी) कार्यालय तक विशाल विरोध जुलूस निकाला। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष नितीश कुशवाहा ने किया।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, कथित घोटाले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग उठाई। पार्टी का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से झारखंड के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है, इसलिए योग्य अभ्यर्थियों को न्याय मिलना आवश्यक है।

इसके बाद भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम 10 सूत्री ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलनरत युवा अभ्यर्थियों की मांगों का समर्थन करते हुए भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
भाजपा नेताओं ने कहा कि युवाओं के सपनों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा और पार्टी युवाओं के अधिकारों एवं न्यायपूर्ण भर्ती प्रक्रिया के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद आभा महतो, पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां, रामबाबू तिवारी, चंद्रशेखर मिश्रा, गुंजन यादव सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।




