Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

ओडिशा में कानपुर सिंचाई परियोजना का कॉफर डैम टूटा, वैतरणी नदी में बढ़ा जलस्तर; पश्चिमी सिंहभूम के नदी किनारे गांवों में अलर्ट

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले से सटे ओडिशा के क्योंझर जिले में वैतरणी नदी पर निर्माणाधीन कानपुर सिंचाई परियोजना का अस्थायी कॉफर डैम लगातार हो रही भारी बारिश के कारण टूट गया। डैम में जलस्तर बढ़ने के बाद कॉफर डैम दबाव नहीं झेल सका और क्षतिग्रस्त हो गया।

स्पिलवे निर्माण कार्य के लिए बनाए गए इस अस्थायी मिट्टी के ढांचे के टूटने के बाद जलस्तर नियंत्रित करने के लिए परियोजना के सभी छह गेट खोल दिए गए। इसके चलते वैतरणी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और नदी उफान पर बहने लगी। इससे नदी के निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है।

स्थिति को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम प्रशासन ने जगन्नाथपुर प्रखंड के वैतरणी नदी किनारे बसे गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गई है कि जलस्तर सामान्य होने तक नदी में प्रवेश न करें और न ही नदी पार करने का प्रयास करें। बच्चों को भी नदी के किनारे जाने से रोकने की सलाह दी गई है।

कानपुर सिंचाई परियोजना के मुख्य निर्माण अभियंता ने पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र भेजकर घटना की जानकारी दी है और नदी किनारे बसे गांवों में तत्काल सतर्कता बरतने का अनुरोध किया है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।

प्रशासन ने कहा है कि लगातार हो रही बारिश के बीच स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। नदी किनारे रहने वाले लोगों से प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!