Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
CKPकोल्हान

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलीं सांसद जोबा माझी, एनएच-320डी चौड़ीकरण और आरओबी निर्माण की मांग दोहराई

चक्रधरपुर: सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर सिंहभूम संसदीय क्षेत्र की लंबित सड़क एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने की मांग की।

सांसद ने एनएच-320डी के तहत चक्रधरपुर से राउरकेला तक लगभग 106 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की मांग दोहराई। उन्होंने बताया कि यह मार्ग झारखंड और ओडिशा को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग है, जहां संकरी सड़क और तीखे मोड़ों के कारण अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। वहीं सोनुवा, गोईलकेरा, पोसैता और मनोहरपुर के बाजार क्षेत्रों में लगातार जाम की समस्या बनी रहती है।

जोबा माझी ने जनहित को देखते हुए एनएच-320डी के चौड़ीकरण को प्राथमिकता देने तथा सोनुवा, गोईलकेरा, पोसैता और मनोहरपुर में फ्लाईओवर या बाईपास निर्माण की स्वीकृति देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे टाटानगर और राउरकेला जैसे औद्योगिक शहरों के बीच संपर्क बेहतर होगा और बीजू एक्सप्रेस-वे से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने पर पूरे जनजातीय क्षेत्र में व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

बैठक के दौरान सांसद ने सिंहपोखरिया–झींकपानी, झींकपानी–तालाबुरू तथा तालाबुरू–केंदपोसी रेलवे समपार फाटकों पर प्रस्तावित रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने इन परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देकर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।

गौरतलब है कि सांसद जोबा माझी इससे पहले भी इन्हीं मांगों को लेकर केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर चुकी हैं। एक बार फिर इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद क्षेत्र के लोगों में सड़क चौड़ीकरण और आरओबी निर्माण परियोजनाओं के जल्द आगे बढ़ने की उम्मीद बढ़ गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!