डुमरिया थाना प्रभारी पंचम तिग्गा ने छात्रों को किया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक, ऑनलाइन ठगी से बचने के दिए अहम सुझाव

डुमरिया: पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया थाना प्रभारी पंचम तिग्गा ने मिडिल स्कूल, डुमरिया में आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल दौर में मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने के खतरे, ऑनलाइन गेमिंग के जोखिम, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि बैंक खाता, एटीएम, पासवर्ड और ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने छात्रों से इंटरनेट का सकारात्मक उपयोग करने, अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की जानकारी तुरंत अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका थाना प्रभारी पंचम तिग्गा ने सरल और सहज भाषा में उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।




