Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानझारखंड

Gua : गुवा बरायबुरु में धूमधाम से मनाया गया 77वां वन महोत्सव, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

विधायक सोनाराम सिंकु ने वनों की सुरक्षा को बताया भविष्य की आवश्यकता

गुवा : गुवा सारंडा वन प्रमंडल चाईबासा के अंतर्गत गुवा वन प्रक्षेत्र द्वारा बरायबुरु स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में 77वें वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु उपस्थित रहे। उनके साथ जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, प्रखंड प्रमुख पूनम गिलुवा तथा सारंडा वन प्रमंडल पदाधिकारी अभिरुप सिंहा सहित वन विभाग के कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद गुवा डीएवी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला समूहों की सदस्य, मुंडा-मानकी प्रतिनिधि तथा स्कूली बच्चे शामिल हुए। वन महोत्सव के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

इसे भी पढ़ें : Jadugoda : पुस्तैनी जमीन बचाने की गुहार लेकर विधायक के पास पहुंची आदिवासी महिला, भू-माफियाओं पर लगाया कब्जे की कोशिश का आरोप

ग्रामीणों से कम से कम एक पौधा लगाने की अपील

अपने संबोधन में विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि वनों की अंधाधुंध कटाई पर्यावरण और मानव जीवन दोनों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि वन केवल प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ग्रामीणों की आजीविका का भी प्रमुख आधार हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने नाम, बच्चों या परिवार के किसी सदस्य के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल भी करें। विधायक ने महुआ, आम, इमली और जामुन जैसे उपयोगी पौधों के रोपण को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इन पौधों से ग्रामीणों को भविष्य में आर्थिक लाभ भी प्राप्त होगा। साथ ही लाह की खेती को आय का बेहतर स्रोत बताते हुए इसे अपनाने का सुझाव दिया। उन्होंने जंगलों में आग नहीं लगाने और वन संपदा की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मेरा युवा भारत और गीता थियेटर की नई साझेदारी, युवाओं ने लिया विकसित और नशामुक्त भारत बनाने का संकल्प

महिलाओं को मिला प्रोत्साहन, पौधारोपण कर दिया संरक्षण का संदेश

वन महोत्सव के अवसर पर वन विभाग द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीन, उन्नत चूल्हे, टॉर्च, ड्रम और जाली सहित विभिन्न उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। महिला समूहों की सदस्यों ने अतिथियों को सोहराय पेंटिंग, पौधे और गुलदस्ते भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन छोटेलाल मिश्रा ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन रिजर्व फॉरेस्ट ऑफिसर परमानंद रजक ने किया। इस अवसर पर गुवा सेल, टाटा स्टील, किरीबुरू थाना, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मुखिया, मुंडा-मानकी, महिला समूहों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। पूरे कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!