जेआरडी टाटा की जयंती पर टांकुरा बस्ती में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 56 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच

नोआमुंडी: भारत रत्न स्वर्गीय जे.आर.डी. टाटा की जयंती के अवसर पर टाटा स्टील ओएमक्यू, नोआमुंडी द्वारा बुधवार को बड़ाजामदा के समीप स्थित टांकुरा बस्ती में निःशुल्क सामुदायिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक कुल 56 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई और जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

चिकित्सकों ने ग्रामीणों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ रक्त शर्करा (ब्लड शुगर), हीमोग्लोबिन और मलेरिया की जांच भी की। जांच के दौरान बुखार, कमर दर्द, स्केबीज़ (खुजली), एनीमिया तथा सर्दी-जुकाम के कई मरीज मिले, जिनका मौके पर ही उपचार किया गया। बुखार और सिरदर्द की शिकायत वाले छह लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिसमें सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई। वहीं कुछ ग्रामीणों में एनीमिया की पुष्टि हुई और एक व्यक्ति उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) से पीड़ित पाया गया। सभी मरीजों को आवश्यक दवाएं देने के साथ आगे के उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सलाह भी दी गई।
यह स्वास्थ्य शिविर टाटा स्टील ओएमक्यू के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (सीएमओ) डॉ. धीरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर में टाटा स्टील अस्पताल के डॉ. अमला शंकर चटर्जी, डॉ. वीणा प्रिया टी. तथा डॉ. पी. अरुण कुमार ने अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और बीमारियों से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक किया।
टाटा स्टील ओएमक्यू की ओर से बताया गया कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि लोगों को उनके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें, बीमारियों की समय पर पहचान हो और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़े। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की।




