बागबेड़ा और कीताडीह में जल्द शुरू होगी डोर-टू-डोर कचरा उठाव सुविधा, विधायक संजीव सरदार ने दिया आश्वासन

जमशेदपुर। बागबेड़ा और कीताडीह क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण योजना के विस्तार की मांग को लेकर पूर्व जिला परिषद सदस्य किशोर कुमार यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पोटका विधायक संजीव सरदार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक निधि से 10 कचरा वाहनों की व्यवस्था कराने की मांग रखी।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि विधायक संजीव सरदार के सहयोग और मार्गदर्शन से पिछले तीन माह से बागबेड़ा कॉलोनी क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा उठाव योजना सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। इससे क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार हुआ है और स्थानीय लोगों को भी काफी सुविधा मिल रही है।
अब इस सुविधा को बागबेड़ा और कीताडीह की अन्य पंचायतों तक पहुंचाने की मांग की गई है। किशोर कुमार यादव ने कहा कि कचरा वाहनों की उपलब्धता से नियमित सफाई व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा।
विधायक संजीव सरदार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि इस मांग पर जल्द पहल की जाएगी और बागबेड़ा एवं कीताडीह क्षेत्र के लोगों को डोर-टू-डोर कचरा उठाव की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।




