Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpurकोल्हान

Jamshedpur : नशा और हिंसा के खिलाफ गीता थिएटर का जन-जागरण अभियान, हर रविवार मोहल्लों में होंगे नुक्कड़ नाटक

युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और अपराध के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए शहरभर में चलेगा सांस्कृतिक अभियान

  • सांस्कृतिक आंदोलन के रूप में उभर रहा है गीता थिएटर का अभियान

जमशेदपुर : जमशेदपुर में बढ़ते नशापान, असामाजिक गतिविधियों, चापड़बाजी और हिंसात्मक घटनाओं के खिलाफ गीता थिएटर जमशेदपुर (ग्रेट इंडियन थिएटर एसोसिएशन) ने एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान शुरू करने की घोषणा की है। इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न मोहल्लों और बस्तियों में प्रत्येक रविवार नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। नाट्य ट्रस्ट के सचिव सह नागरिक सुरक्षा (पूर्वी सिंहभूम) के सदस्य प्रेम कुमार दीक्षित के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर उपायुक्त को आवेदन सौंपा और शहर में बढ़ रही सामाजिक बुराइयों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ब्राउन शुगर, शराब और अन्य नशीले पदार्थों के बढ़ते सेवन के कारण युवाओं में अपराध, चापड़बाजी और आपसी रंजिश की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। ऐसे माहौल को बदलने और समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें : शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफे के बाद पहली बार संसद पहुंचे धर्मेंद्र प्रधान, NDA सांसदों ने किया भव्य स्वागत

नुक्कड़ नाटकों के जरिए युवाओं को मिलेगा सकारात्मक संदेश

गीता थिएटर द्वारा शुरू किए जा रहे “मोहल्ला नुक्कड़ नाटक जन-जागरूकता अभियान” का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे और हिंसा से दूर कर कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। संस्था का मानना है कि नाटक और कला समाज में परिवर्तन का प्रभावी माध्यम हैं। नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों को नशे के दुष्परिणामों, अपराध के बढ़ते खतरे और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिला उपायुक्त को सौंपे गए आवेदन में अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक अनुमति, परिवहन सहयोग, स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय तथा जिला प्रशासन के सांस्कृतिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों में गीता थिएटर को शामिल करने की मांग की गई है। संस्था ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज में वैचारिक बदलाव लाने का एक प्रयास है।

इसे भी पढ़ें : पश्चिमी सिंहभूम टी-20 की तैयारी तेज, बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम के विकेट पर लगाई गई बारमूडा घास

प्रशासनिक सहयोग मिलने पर अभियान को मिलेगा और विस्तार

नाट्य ट्रस्ट गीता थिएटर की अध्यक्ष गीता कुमारी ने शहर के युवाओं, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जागरूक नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोई भी नागरिक अपने क्षेत्र, मोहल्ले या चौक-चौराहे पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन करवाने के लिए संस्था से संपर्क कर सकता है। साथ ही सामाजिक बदलाव की इस मुहिम को मजबूत बनाने के लिए लोग स्वेच्छा से सहयोग भी कर सकते हैं। अभियान से संबंधित सभी गतिविधियों और कार्यक्रमों की जानकारी संस्था के सोशल मीडिया हैंडल @TheatreOfGita पर साझा की जाएगी। इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष गीता कुमारी, सचिव प्रेम दीक्षित, युवा अध्यक्ष अनंत सरदार, खुशी पाण्डेय, तमन्ना राव, गंगा मंडल, आयुष चौरसिया, ममता सिंह, आकाश, करण, सूरज, देवू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संस्था का लक्ष्य कला के माध्यम से समाज को नशामुक्त, सुरक्षित और सकारात्मक दिशा प्रदान करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!