Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानस्वास्थ्य एवं चिकित्सा

पश्चिमी सिंहभूम के पांच गांवों में निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर, 135 ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। हाटगम्हरिया, बंदगांव, सदर, मंझारी और तांतनगर प्रखंड के पांच गांवों में आयोजित इन शिविरों में कुल 135 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क आयुष दवाइयों का वितरण भी किया गया।

शिविर में बुखार, सर्दी-खांसी, शरीर दर्द, त्वचा रोग, महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। साथ ही रक्तचाप, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन और मलेरिया की भी निःशुल्क जांच की गई।

चिकित्सकों ने ग्रामीणों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया। मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए साफ-सफाई बनाए रखने, जल जमाव रोकने, मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने और पूर्ण आस्तीन के कपड़े पहनने की सलाह दी गई। साथ ही तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने का संदेश भी दिया गया।

शिविर के दौरान योग सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों को नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या पर गांव की सहिया से संपर्क करने तथा निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में समय पर जांच एवं उपचार कराने की सलाह दी गई।

इस स्वास्थ्य शिविर में डॉ. यशवंती कुमारी, डॉ. अनिरुद्ध गोपेश्वर, डॉ. आशिक अंसारी, डॉ. प्रदीप गुड़िया और डॉ. अनीश कुमार ने अपनी सेवाएं दीं।

यह निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर हाटगम्हरिया प्रखंड के कालीमाटी, बंदगांव के चाकी, सदर प्रखंड के दलियामारचा, मंझारी के दोड़पोसी तथा तांतनगर के कासेया गांव में आयोजित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!