तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से हुई थी सेल कर्मचारी सचिन करण की मौत, आरोपी गिरफ्तार, बिना लाइसेंस चला रहा था बाइक

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू थाना क्षेत्र में सेल कर्मचारी सचिन करण की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने प्रोस्पेक्टिंग निवासी 36 वर्षीय अजंता कंडुलना को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले सारंडा सुवन छात्रावास के पास रात के समय सचिन करण गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। परिजन उन्हें इलाज के लिए राउरकेला स्थित इस्पात जनरल अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर मामला बाइक से गिरकर घायल होने का माना जा रहा था, लेकिन पुलिस की गहन जांच में दुर्घटना की असली वजह सामने आई।
किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में गठित जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की। जांच में पता चला कि सचिन करण की बाइक को अजंता कंडुलना ने तेज और लापरवाही से बाइक चलाते हुए टक्कर मारी थी। हादसे के बाद सचिन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आरोपी उनकी मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था।
थाना प्रभारी रोहित कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाना और पुलिस या एंबुलेंस को सूचना देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद घायल को छोड़कर भागना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।




