Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

किरीबुरू में छात्रवृत्ति विशेष कैंप, खदान श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा ₹25,000 तक की सरकारी छात्रवृत्ति

गुवा/किरीबुरू: कल्याण आयुक्त, रांची के निर्देश पर सोमवार को प्रोजेक्ट सेंट्रल स्कूल, किरीबुरू में छात्रवृत्ति विशेष कैंप का आयोजन किया गया। यह शिविर कल्याण पदाधिकारी बड़ाजामदा उदय शंकर कुमार की देखरेख में आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य सेल कर्मियों, ठेका श्रमिकों एवं विभिन्न खदानों में कार्यरत श्रमिकों के बच्चों को भारत सरकार की छात्रवृत्ति योजना से जोड़ना है।

शिविर में सेल किरीबुरू के महाप्रबंधक (पी एंड ए) अमित कुमार विश्वास, सहायक महाप्रबंधक गीता कुमारी, विद्यालय की प्राचार्य सुधा सिंह तथा कल्याण विभाग के संजीव कुमार, रियाजुद्दीन, जतिन सहित अन्य अधिकारियों ने सक्रिय सहयोग किया।

कल्याण पदाधिकारी उदय शंकर कुमार ने बताया कि यह योजना सभी धर्म एवं समुदाय के पात्र विद्यार्थियों के लिए समान रूप से लागू है। सुपरवाइजर से नीचे श्रेणी के कर्मचारियों के बच्चों को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि आवेदन के लिए संस्थान का पहचान पत्र, वेतन स्लिप (जहां लागू हो), पिछली कक्षा की अंकसूची, आधार आधारित ओटीआर, ई-केवाईसी सहित आवश्यक दस्तावेज जरूरी हैं। वहीं, जिन ठेका श्रमिकों के पास वेतन स्लिप नहीं है, वे केवल पहचान पत्र के आधार पर भी आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन श्रम कल्याण संगठन, रांची द्वारा संचालित इस योजना के तहत कक्षा 1 से प्रोफेशनल डिग्री तक के विद्यार्थियों को ₹1,000 से ₹25,000 तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। आवेदन नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के माध्यम से ऑनलाइन किए जाएंगे।

कक्षा 1 से 10 तक आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 तथा कक्षा 11 से प्रोफेशनल डिग्री तक 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। उदय शंकर कुमार ने बताया कि योजना के लिए पर्याप्त फंड उपलब्ध है और सभी पात्र श्रमिकों से समय पर आवेदन कर अपने बच्चों को इस योजना का लाभ दिलाने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!