
गुवा: किरीबुरू थाना पुलिस ने सड़क दुर्घटना में सेल कर्मी सचिन करण की मौत के मामले का खुलासा करते हुए प्रोस्पेक्टिंग निवासी 36 वर्षीय अजंता कंडुलना को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले सारंडा सुवन छात्रावास के समीप रात में सचिन करण गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। उन्हें इलाज के लिए इस्पात जनरल अस्पताल, राउरकेला ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में मामला सामान्य सड़क दुर्घटना प्रतीत हो रहा था, लेकिन किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल और अन्य तथ्यों की गहन जांच की।
जांच में सामने आया कि सचिन की मोटरसाइकिल को आरोपी अजंता कंडुलना द्वारा तेज और लापरवाही से चलाई जा रही बाइक ने टक्कर मारी थी। हादसे के बाद आरोपी घायल सचिन की मदद करने या अस्पताल पहुंचाने के बजाय मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
थाना प्रभारी रोहित कुमार ने लोगों से अपील की कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की तत्काल सहायता करें और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि “गुड समैरिटन (नेक नागरिक) कानून” के तहत मदद करने वाले लोगों को कानूनी संरक्षण प्राप्त है और पुलिस ऐसे नागरिकों का सम्मान करेगी।




