
- जीर्णोद्धार के बाद पहली बार होगा भव्य धार्मिक आयोजन
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना परिसर स्थित नवनिर्मित शिव मंदिर में 19 जुलाई से तीन दिवसीय भव्य पुनः प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर शनिवार को शिव मंदिर पूजा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और धार्मिक मर्यादाओं के अनुरूप संपन्न कराने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में समिति के सभी सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं और उन्हें अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आग्रह किया गया। आयोजन को सफल बनाने के लिए पूजा समिति और स्थानीय श्रद्धालु लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बनने लगा है और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : अनियंत्रित ट्रैक्टर खाई में पलटा, डिंगासाई के मजदूर की मौत, चालक गंभीर
कलश यात्रा, हवन और महापूर्णाहुति के साथ होगा महोत्सव का समापन
तीन दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान के तहत 19 जुलाई को अंकुरारोपण एवं चूड़ा पूजा का आयोजन किया जाएगा। 20 जुलाई को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसके साथ देवी-देवताओं का आह्वान, हवन, पुष्पांजलि और आरती संपन्न होगी। वहीं 21 जुलाई को मुख्य पूजा, संध्या आरती तथा महापूर्णाहुति के साथ महोत्सव का समापन होगा। उल्लेखनीय है कि थाना परिसर स्थित यह शिव मंदिर काफी जर्जर हो गया था, जिसके बाद पूजा समिति ने स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग से इसका जीर्णोद्धार और कायाकल्प कराया। मंदिर के नवनिर्माण के बाद आयोजित हो रहे इस पुनः प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।




