
रांची: बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र तेजी से मजबूत होकर एक प्रभावी मौसम प्रणाली का रूप ले रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सोमवार शाम तक इसके बेहद गहरे कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। यह सिस्टम ओडिशा के पारादीप और पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप के बीच से गुजरते हुए उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा तथा झारखंड के दक्षिणी हिस्से और ओडिशा के उत्तरी भाग को प्रभावित करते हुए छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ सकता है।
इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से कोल्हान प्रमंडल (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां) के साथ-साथ रांची, खूंटी, गुमला और सिमडेगा जिलों में सोमवार और मंगलवार को घने बादल छाए रहने तथा कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो दिनों तक राज्य में अच्छी बारिश के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का तंत्र लगातार मजबूत हो रहा है और इसके उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना बनी हुई है। यदि सिस्टम अपेक्षित दिशा में आगे बढ़ता है तो झारखंड के दक्षिणी जिलों में व्यापक और अच्छी वर्षा दर्ज की जा सकती है।
हालांकि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मानसून की गतिविधियां अपेक्षाकृत धीमी रहीं। रविवार को रांची सहित अधिकांश जिलों में आंशिक बादलों के बीच धूप निकली, जिससे अधिकतम तापमान में 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान केवल हल्की से मध्यम बारिश हुई।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो सिमडेगा में 23.0 मिमी, नेतरहाट में 18.8 मिमी, धनबाद के पुटकी में 14.6 मिमी तथा पूर्वी सिंहभूम में 14.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं राजधानी रांची में एक मिलीमीटर से भी कम बारिश रिकॉर्ड की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस)
स्थान
अधिकतम
न्यूनतम
रांची
30.8°
23.3°
जमशेदपुर
33.2°
25.2°
मेदिनीनगर
34.8°
25.5°
बोकारो
34.2°
25.6°
चाईबासा
33.4°
24.6°
मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।




