
गुवा: झारखंड भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद गीता कोड़ा गुरुवार को गुवा पहुंचीं, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। लगातार हो रही बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों पर चिंता जताते हुए उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं तथा डॉक्टरों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर इलाज मिल सके। गीता कोड़ा ने बताया कि गुवा और आसपास का इलाका मलेरिया प्रभावित क्षेत्र है, इसलिए लोगों को मलेरिया, डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियों से सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने मच्छरदानी के नियमित उपयोग, साफ-सफाई बनाए रखने, धूवन करने और स्वच्छ व गर्म पानी पीने की सलाह दी। साथ ही सांप, बिच्छू एवं अन्य जहरीले जीवों से भी सावधानी बरतने की अपील की।

इस अवसर पर उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का भी जिक्र करते हुए सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना फॉर्म भरने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित बीएलओ से संपर्क करें, क्योंकि यह अभियान 29 जुलाई को समाप्त हो रहा है।
गीता कोड़ा ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मुद्दों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा।




