Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

25 जुलाई को चाईबासा में झारखंड आंदोलनकारियों की श्रद्धांजलि सभा, कई वरिष्ठ आंदोलनकारी होंगे शामिल

चाईबासा: झारखंड आंदोलनकारी सिंहभूम के तत्वावधान में 25 जुलाई (शनिवार) को सुबह 11 बजे रविंद्र भवन, चाईबासा में झारखंड आंदोलन के दिवंगत आंदोलनकारियों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में झारखंड आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ आंदोलनकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

संगठन के केंद्रीय प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने मंगलवार को आयोजित बैठक के बाद बताया कि श्रद्धांजलि सभा में आजसू के संस्थापक एवं पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा, मंगल सिंह बोबोंगा, राम चंद्र सहिस, लम्बोदर महतो, सेवानिवृत्त न्यायाधीश रत्नाकर भेंगरा, आजसू के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष प्रभाकर तिर्की, डॉ. देवशरण भगत तथा ललित महतो समेत कई वरिष्ठ आंदोलनकारी मौजूद रहेंगे।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में केवल दिवंगत आंदोलनकारी दामू बानरा, देवेंद्र माझी और के.सी. हेम्बरोम को ही नहीं, बल्कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले सभी दिवंगत आंदोलनकारियों को सामूहिक रूप से श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

बुधराम लागुरी ने कहा कि श्रद्धांजलि सभा का उद्देश्य नई पीढ़ी को झारखंड आंदोलन के इतिहास, संघर्ष और बलिदान से अवगत कराना भी है। कार्यक्रम के दौरान आंदोलनकारियों के योगदान, उनके संघर्ष और आदर्शों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

संगठन ने झारखंड आंदोलनकारियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर दिवंगत आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।

इस संबंध में आयोजित तैयारी बैठक की अध्यक्षता आसमान सुंडी ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बुधराम लागुरी ने किया। बैठक में आसमान सुंडी, अजय महतो, बुधराम लागुरी, बाबु अहमद, सिदेश्वर बानरा, नारायण देवगम, बिनोद कंडेयांग, दामू बानरा (राकेश) और सुरेश कालूंडिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!