Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानझारखंड

Chaibasa : चाईबासा में श्रद्धा और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा

जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा शहर, हजारों श्रद्धालुओं ने किया पूजन-अर्चन

  • श्रद्धालुओं ने प्रदेश की उन्नति और खुशहाली की मांगी कामना

चाईबासा : भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा गुरुवार को चाईबासा शहर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे मार्ग में भगवान जगन्नाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। रथ यात्रा की शुरुआत सदर बाजार स्थित जगन्नाथ मंदिर से हुई, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम और बहन सुभद्रा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद तीनों विग्रहों को भव्य रूप से सुसज्जित रथ पर विराजमान कर यात्रा के लिए रवाना किया गया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन और जयघोष करते हुए रथ के साथ आगे बढ़ते रहे। रथ यात्रा में महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरे शहर में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।

इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा में श्रद्धा और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा

जगह-जगह श्रद्धालुओं ने रथ रोककर की पूजा-अर्चना

रथ यात्रा सदर बाजार, अमला टोला, सदर थाना मोहल्ला, पोस्ट ऑफिस, नीमड़ीह चौक सहित शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने रथ को रोककर भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम और बहन सुभद्रा की पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत किया। यात्रा के दौरान धार्मिक गीतों और भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर अपने परिवार की खुशहाली और समाज के कल्याण की प्रार्थना की। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई थीं।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa : नानकशाही संवत के अनुसार सावन माह का शुभारंभ, गुरुद्वारा नानक दरबार में सजा विशेष दीवान

मौसीबाड़ी में हुआ रथ यात्रा का समापन

रथ यात्रा का समापन भगवान दुर्गा मंदिर स्थित मौसीबाड़ी में हुआ, जहां भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा को विधिवत विराजमान कराया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नितिन प्रकाश तथा उद्योगपति एवं समाजसेवी मुकुंद रूंगटा ने भी भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। रथ यात्रा ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूती प्रदान की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!