
चाईबासा : चाईबासा में झारखंड आंदोलनकारी एवं आजसू के वरिष्ठ नेता दामू बानरा के निधन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दामू बानरा का निधन झारखंड आंदोलन, आदिवासी-मूलवासी समाज और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। अपने शोक संदेश में बुधराम लागुरी ने कहा कि दामू बानरा ने अपने पूरे जीवन में झारखंड राज्य के निर्माण, जनहित के मुद्दों तथा आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन को मजबूत बनाने में दामू बानरा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके संघर्ष, समर्पण और जनसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 16 जुलाई को निकलेगी इस्कॉन की भव्य जगन्नाथ रथ यात्रा, ‘हरे कृष्णा’ के जयघोष से गूंजेगा जमशेदपुर
संघर्षशील और जनप्रिय नेता के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे
बुधराम लागुरी ने कहा कि राजनीतिक विचारधाराएं अलग होने के बावजूद दामू बानरा ने हमेशा सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। वे सरल स्वभाव, संघर्षशील व्यक्तित्व और जनता के बीच लोकप्रिय नेता के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। झामुमो प्रवक्ता ने कहा कि दामू बानरा के आदर्श, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण की भावना लंबे समय तक लोगों को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी कमी राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में लंबे समय तक महसूस की जाएगी।




