
जमशेदपुर : श्रीनाथ विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय प्रथम सरायकेला-खरसावां जिला पिकल बॉल प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। 11 और 12 जुलाई को आयोजित इस प्रतियोगिता में जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए कई पदकों पर कब्जा जमाया। विश्वविद्यालय की बी.कॉम की होनहार छात्रा पूर्णिमा प्रमाणिक ने प्रतियोगिता में अपने बेहतरीन खेल से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने कुल तीन अलग-अलग श्रेणियों में जीत दर्ज कर संस्थान का नाम रोशन किया। पूर्णिमा ने एकल (सिंगल्स) मुकाबले में तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि महिला युगल (डबल्स) और मिश्रित युगल (मिक्स डबल्स) दोनों ही श्रेणियों में शानदार खेल दिखाते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया।इसके साथ ही, बी.कॉम की ही छात्रा स्नेहा कुमारी ने भी कोर्ट पर दमदार प्रदर्शन किया। स्नेहा ने महिला युगल (डबल्स) मैच में दूसरा स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के पीछे बी.एड विभाग की खेल शिक्षिका आर. तेजा एवं खेल शिक्षक डॉ. प्रभात कुमार महतो का विशेष योगदान रहा। दोनों शिक्षकों के अथक परिश्रम, सही रणनीति और कुशल मार्गदर्शन की बदौलत ही खिलाड़ियों ने खेल के मैदान पर यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की है।खेल विभाग की इस बड़ी उपलब्धि पर जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति महोदया प्रो. (डॉ. )इला कुमार ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विजेता छात्राओं और दोनों खेल शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। स्पोर्ट्स कौंसिल के निर्देशक डॉ सुधीर कुमार साहु ने भी विजेता छात्राओं को शुभकामनाएं दीं ।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : गोलमुरी में CBI की दस्तक, साइबर ठगी मामले में युवक से पुछताछ




