
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बवानगोरा में रविवार सुबह सड़क किनारे एक 75 वर्षीय वृद्ध महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
मृतका की पहचान नागी हांसदा (75) के रूप में हुई है, जो सरजामदा के निधि टोला की रहने वाली थीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, नागी हांसदा के पति का निधन कई वर्ष पहले हो चुका था। इसके बाद वह पिछले तीन-चार वर्षों से आसपास के लोगों से मांगकर अपना जीवनयापन कर रही थीं।
रात में वह अक्सर बवानगोरा इलाके में ही सो जाती थीं और स्थानीय लोग समय-समय पर उन्हें भोजन भी उपलब्ध कराते थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार शाम तक वह पूरी तरह सामान्य थीं। लेकिन देर रात जब कुछ लोग उन्हें खाना देने पहुंचे तो वह सड़क किनारे मृत अवस्था में पड़ी मिलीं।
इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय मुखिया को दी। मुखिया द्वारा सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल वृद्ध महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : ईएसआईसी में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यापारी व सामाजिक संगठनों की हुंकार, निष्पक्ष जांच की उठी मांग




