Manoharpur : मनोहरपुर में मनरेगा कर्मियों की समीक्षा बैठक, तीन माह की हड़ताल समाप्त कर लौटे काम पर
बीडीओ ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की, कर्मियों ने सरकार की पहल पर जताया भरोसा

- मनरेगा योजनाओं की प्रगति पर हुई समीक्षा
मनोहरपुर : मनोहरपुर प्रखंड स्थित सारंडा सभागार में सोमवार को मनरेगा कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शक्ति कुंज ने की। इस दौरान बीडीओ ने मनरेगा के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने रोजगार सेवकों से बिरसा सिंचाई कूप, बिरसा हरित आम बागवानी योजना, अबुआ आवास योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य विकास योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की। साथ ही सभी रोजगार सेवकों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और प्रदर्शन सूचकांक (पीडी) में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ समय पर लाभुकों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : नशे के खिलाफ बहरागोड़ा में छात्रों की हुंकार, जागरूकता रैली निकालकर दिया संदेश
सरकार के आश्वासन के बाद समाप्त हुई हड़ताल
बैठक से पहले मनरेगा कर्मियों ने अपनी तीन माह से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त कर पुनः कार्यभार ग्रहण किया। इस संबंध में कर्मियों ने बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर काम पर लौटने की जानकारी दी। रोजगार सेवक दिनेश महतो ने बताया कि सरकार द्वारा उनकी प्रमुख मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि 10 वर्ष या उससे अधिक समय से कार्यरत मनरेगा कर्मियों को ग्रेड पे देने, सेवाकाल के दौरान दिवंगत कर्मियों के आश्रितों को जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता देने तथा मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ उपलब्ध कराने जैसी मांगों पर विचार किया जा रहा है। बैठक में जूनियर इंजीनियर सुनील किसान, मकरध्वज नायक, पंचायत सचिव अमृता बाड़ा, रोजगार सेवक आबिद हेम्ब्रम, अवधेश यादव सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।




