*दस दिन बाद खेत की झाड़ी से बरामद हुआ लापता महिला का शव, हत्या की आशंका*

चाईबासा: कुमारडुंगी के कुसुमिता पंचायत अंतर्गत गामपुर गांव से लापता 50 वर्षीय महिला ठठेरा का शव दस दिन बाद जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के करंजिया गांव स्थित एक खेत की झाड़ी से बरामद किया गया। महिला 18 नवंबर से लापता थी। परिजनों ने उसके लापता होने की शिकायत कुमारडुंगी पुलिस से की थी।
परिजनों के अनुसार, 18 नवंबर की दोपहर करंजिया गांव निवासी दशरथ पूर्ति महिला के घर आया था। वह काफी देर तक महिला के पास बैठा रहा। आसपास के लोगों ने बताया कि दशरथ पूर्ति महिला को पेंशन दिलाने का झांसा देकर अपने साथ चलने के लिए कह रहा था। इसके बाद से महिला लापता हो गई।
महिला के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने कुमारडुंगी पुलिस को इसकी सूचना दी थी। करीब दस दिन बाद उसका शव करंजिया गांव स्थित खेत की झाड़ी से बरामद हुआ। घटना के बाद से दशरथ पूर्ति भी अपने घर से फरार बताया जा रहा है।
जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया है। महिला की मौत के मामले में दशरथ पूर्ति पर संदेह जताया जा रहा है। हालांकि, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी भूमिका है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।




