जमशेदपुर में झारखंड इन्क्यूबेटर कार्यक्रम का शुभारंभ, ग्रामीण महिला उद्यमियों को मिलेगा मार्गदर्शन, वित्तीय सहयोग और बाजार से जुड़ने का अवसर
JSLPS और IIM-CIP की संयुक्त पहल से महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को मिलेगा बढ़ावा, 0% सॉफ्ट लोन समेत मेंटरशिप और मार्केट लिंकेज की सुविधा

पूर्वी सिंहभूम:- पूर्वी सिंहभूम जिले में ग्रामीण महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से JSLPS एवं IIM-CIP के संयुक्त तत्वावधान में झारखंड इन्क्यूबेटर कार्यक्रम का शुभारंभ समाहरणालय सभागार में किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती बारी मुर्मू एवं उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान सहित IIM-CIP की टीम, JSLPS के DPM श्री सुजीत बारी, जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, कर्मी तथा अन्य संबंधित प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से उद्यमी दीदी, बैंक सखी, CRP-EP, BDSP, BPM और BPO-EP सहित अन्य संबंधित कैडर ने सहभागिता की।
महिला उद्यमियों को मिलेगा व्यापक सहयोग
झारखंड इन्क्यूबेटर कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को सशक्त, टिकाऊ और बाजार उन्मुख व्यवसाय के रूप में विकसित करना है। चयनित उद्यमियों को व्यवसाय के अलग-अलग चरणों में आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके तहत उद्यमियों के क्षमता निर्माण, मेंटरशिप, तकनीकी एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन, वित्तीय सहायता, 0% सॉफ्ट लोन, मार्केट लिंकेज, ब्रांडिंग और पैकेजिंग जैसी सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
Hub & Spoke Model से गांवों तक पहुंचेगा विशेषज्ञ मार्गदर्शन
कार्यक्रम की प्रमुख विशेषता Hub & Spoke Model है। इसके तहत रांची स्थित केंद्रीय हब और राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में विकसित किए जाने वाले स्पोक केंद्रों के माध्यम से विशेषज्ञ मार्गदर्शन एवं साझा सेवाओं को जिला और प्रखंड स्तर तक पहुंचाने की परिकल्पना की गई है।
इस पहल के माध्यम से ग्रामीण महिला उद्यमियों को नवाचार, तकनीक, व्यवसाय प्रबंधन और बाजार से जुड़ने के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है। साथ ही उन्हें अपने मौजूदा कारोबार का विस्तार करने तथा नए उद्यम विकसित करने में सहायता मिलेगी।
स्थानीय संसाधनों और बाजार की संभावनाओं पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती बारी मुर्मू ने ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण में उद्यमिता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने उद्यमी दीदियों को उपलब्ध अवसरों का बेहतर उपयोग करते हुए अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान ने जिले में स्थानीय संसाधनों एवं बाजार की संभावनाओं के अनुरूप नए उद्यम विकसित करने तथा मौजूदा उद्यमों को बेहतर व्यावसायिक मॉडल के रूप में स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने महिला उद्यमियों से गुणवत्ता, नवाचार और बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए अपने उत्पाद एवं सेवाओं को विकसित करने का आह्वान किया।
IIM-CIP टीम ने दी कार्यक्रम की जानकारी
इस अवसर पर IIM-CIP की टीम ने प्रतिभागियों को झारखंड इन्क्यूबेटर कार्यक्रम की अवधारणा, उद्देश्य, कार्यप्रणाली और उद्यमियों को उपलब्ध कराए जाने वाले सहयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उद्यम विकास, व्यवसाय विस्तार और बाजार से जुड़ाव के विभिन्न पहलुओं पर प्रतिभागियों के साथ चर्चा भी की गई।
JSLPS के DPM श्री सुजीत बारी ने कार्यक्रम के समन्वय एवं संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने जिले की महिला उद्यमियों को इन्क्यूबेटर कार्यक्रम से जोड़ने तथा उन्हें आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।




