*चाईबासा पुलिस ने बरामद किए 17 गुम मोबाइल, असली धारकों को लौटाए

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर चाईबासा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 17 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को लौटा दिए गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से जिले के सभी थाना क्षेत्रों में गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए लगातार तकनीकी जांच और कार्रवाई की जा रही थी। इस अभियान में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी के नेतृत्व में पुलिस को सफलता मिली और कुल 17 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
बरामद सभी मोबाइल फोन राजकुमार जयराजू (भारतीय पुलिस सेवा) और सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी की उपस्थिति में उनके वास्तविक धारकों को विधिवत सौंपे गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों ने खुशी जताई और चाईबासा पुलिस के प्रति आभार प्रकट किया।
इस दौरान राजकुमार जयराजू और बहामन टुटी ने सभी थाना प्रभारियों को आम लोगों से जुड़े मामलों में तेजी से कार्रवाई करने और संवेदनशीलता के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं। इसके बाद संचार साथी मोबाइल ऐप पर भी शिकायत दर्ज करें, ताकि समय पर तकनीकी कार्रवाई कर मोबाइल बरामद किया जा सके।
चाईबासा पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों को सतर्क भी किया है। पुलिस के अनुसार, हाल के दिनों में ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें दूसरे जिलों से गिरोह बनाकर चोर बाजार-हाट और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी करने आते हैं। चोरी किए गए मोबाइल दूसरे राज्यों में बेच दिए जाते हैं।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि बाजार-हाट और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने कीमती सामान और मोबाइल फोन को संभालकर रखें, ताकि चोरी की घटनाओं से बचा जा सके।




