*श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व, ढाई हजार श्रद्धालुओं ने छका लंगर*

चाईबासा: शहर में मंगलवार को सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका और गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में करीब ढाई हजार श्रद्धालुओं ने गुरु का लंगर ग्रहण किया।
इस मौके पर श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष गुरमुख सिंह खोखर ने सभी को प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए गुरु नानक देव जी के विचारों और उनके संदेशों को याद किया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का आगमन ऐसे समय में हुआ था, जब समाज में आपसी भाईचारा कम हो रहा था, सांप्रदायिक तनाव बढ़ रहा था और चारों ओर बुराइयों का अंधकार छाया हुआ था। ऐसे समय में गुरु नानक देव जी ने प्रेम, समानता, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने भारत सहित कई देशों में आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश फैलाया। उनका जीवन और विचार आज भी समाज को सही रास्ता दिखाते हैं। उनके संदेशों को अपने जीवन में अपनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि गुरु नानक देव जी के बताए रास्ते पर चलने और समाज में प्रेम व एकता बनाए रखने का संकल्प लेने का अवसर है।
कार्यक्रम में चाईबासा नगर परिषद के अध्यक्ष नितिन प्रकाश और उपाध्यक्ष विकास कुमार शर्मा ने गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका। अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने संगत को प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए कहा कि चाईबासा आपसी भाईचारे वाला शहर है। यहां सभी समुदाय के लोग मिल-जुलकर सभी पर्व-त्योहार मनाते हैं। यही हमारी शहर की पहचान है। उपाध्यक्ष विकास कुमार शर्मा ने भी उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष गुरमुख सिंह खोखर, कोषाध्यक्ष लखबीर सिंह, नवजीत सिंह, दलविन्दर सिंह और जगबिंदर प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश को सरोपा और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। वहीं युवा खालसा की ओर से रौनक सिंह खोखर, कमलदीप सिंह मारवाह और इन्द्रजीत सिंह ने उपाध्यक्ष विकास कुमार शर्मा को सरोपा और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन कमलदीप सिंह मारवाह ने किया। गुरुद्वारा के ग्रंथी हरभजन सिंह ने अरदास की। इसके बाद प्रसाद वितरण हुआ। ग्रंथी हरभजन सिंह और जमशेदपुर से आए हरिशरण सिंह ने अपने जत्थे के साथ गुरुवाणी कीर्तन प्रस्तुत किया। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने गुरु का लंगर ग्रहण किया और गुरु घर की खुशियां प्राप्त कीं।




