कोल्हान

*रेलकर्मियों को सड़क सुरक्षा और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण, 70 ने लिया हिस्सा*

जमशेदपुर: एमडीडीटीआई में रेलकर्मियों के लिए सड़क सुरक्षा, गोल्डन ऑवर, प्राथमिक उपचार और आपदा प्रबंधन को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें रेलवे के विभिन्न विभागों के कुल 70 रेलकर्मियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान सड़क दुर्घटना के कारणों, दुर्घटनास्थल पर बचाव कार्य और समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के तरीकों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटना केवल एक व्यक्ति को प्रभावित नहीं करती, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर इसका असर पड़ता है। दुर्घटना के बाद शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान सही प्राथमिक उपचार और आपातकालीन सहायता मिलने से घायल की जान बचाई जा सकती है।

उन्होंने तेज रफ्तार, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल, नशे में ड्राइविंग, थकान, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना तथा यातायात नियमों की अनदेखी को दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण बताया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के समय घटनास्थल पर मौजूद लोगों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है। ऐसे समय में घायल को सुरक्षित रखना, एम्बुलेंस बुलाना और रक्तस्राव रोकने जैसे कदम मददगार साबित होते हैं।

संतोष कुमार ने नेक मददगार (गुड समैरिटन) के कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने वालों को कानून के तहत संरक्षण प्राप्त है। उन्हें अनावश्यक कानूनी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने राहवीर योजना और सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार की व्यवस्था के बारे में भी बताया।

प्रशिक्षण के दौरान गोल्डन ऑवर के महत्व, घायलों की स्थिति के अनुसार प्राथमिकता तय करने और एम्बुलेंस सेवा के समन्वय की जानकारी दी गई।

वहीं, डेमोंस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह ने सीपीआर, प्राथमिक चिकित्सा, बैंडेज लगाने, फ्रैक्चर की स्थिति में प्रभावित अंग को स्थिर रखने और फायर एक्सटिंग्विशर के इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। मॉक ड्रिल के माध्यम से रेलकर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तरीके सिखाए गए।

इसमें कैरेज एंड वैगन, इंजीनियरिंग, ऑपरेटिंग, कमर्शियल और लोको शेड विभाग के कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में एमडीडीटीआई के प्रिंसिपल ने रेल सिविल डिफेंस टीम के प्रशिक्षण कार्यों की सराहना की और टीम के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!