जमशेदपुर में चोरी की दो घटनाओं का खुलासा, बिरसानगर पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार; विधि विरुद्ध किशोर निरुद्ध

जमशेदपुर: शहर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार स्मार्टफोन, लैपटॉप, घड़ी समेत चोरी के कई सामान बरामद किए हैं। यह मामला बिरसानगर के जोन नंबर तीन में विजय गार्डेन के पास स्थित श्रेष्ठम स्वीट्स दुकान और टॉम जिम में हुई चोरी से जुड़ा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दोनों प्रतिष्ठानों का ताला और शीशा तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान दुकान और जिम के अंदर रखे रुपये, स्मार्टफोन, लैपटॉप, चॉकलेट, ड्राई फ्रूट्स समेत अन्य सामान चोरी कर लिए गए थे। घटना सामने आने के बाद इस संबंध में 20 अक्टूबर को बिरसानगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय राहुल सामड को गिरफ्तार किया। वहीं, इस मामले में शामिल एक विधि विरुद्ध किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार स्मार्टफोन, एक लैपटॉप, घड़ी समेत चोरी के कई सामान बरामद किए हैं।
जमशेदपुर के सिटी एसपी ललित मीणा ने मामले की जानकारी दी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई चोरी की दोनों घटनाओं के खुलासे का दावा किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




