हाता चौक दुर्गा पूजा पंडालों का ग्रामीण एसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

जादूगोड़ा। पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण एसपी शुभम कुमार खंडेलवाल ने रविवार को पोटका थाना क्षेत्र के हाता चौक स्थित दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हाता चौक के श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचकर पूजा समिति की तैयारियों का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समिति के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण एसपी ने पूजा समिति के अध्यक्ष मनोज राम एवं सोमेन मंडल से मुलाकात कर पंडाल में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर चर्चा की। उन्होंने पंडाल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा श्रद्धालुओं की सहायता के लिए हेल्प डेस्क मंच का निर्माण कराने का निर्देश दिया।
एसपी ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए वाहनों की पार्किंग के लिए उचित व्यवस्था की जाए। मुख्य सड़क के किनारे बैरिकेडिंग कर यातायात को व्यवस्थित रखा जाए, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके साथ ही पंडाल में अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने पूजा समिति के वॉलंटियरों के लिए अलग ड्रेस कोड निर्धारित करने पर भी जोर दिया, जिससे भीड़ के बीच उनकी पहचान आसानी से हो सके। इसके अलावा महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग निकासी मार्ग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया, ताकि पूजा के दौरान भीड़ का दबाव कम रहे और श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन में सुविधा मिले।
ग्रामीण एसपी ने पूजा समिति से सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम समय पर पूरा करने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और सुव्यवस्थित आयोजन बनाए रखने के उद्देश्य से यह निरीक्षण किया गया।
इस अवसर पर डीएसपी रोहित कुमार रजवार तथा कोवाली और पोटका थाना के सब-इंस्पेक्टर कुंदन वर्मा सहित अन्य संबंधित लोग मौजूद थे।




