*टोटो चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की दी गई हिदायत*

चाईबासा: जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देशानुसार शुक्रवार को चाईबासा के शहीद चौक के समीप टोटो चालकों के लिए काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिला यातायात प्रभारी संतोष कुमार ने चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टोटो का नियमानुसार निबंधन सुनिश्चित करना, सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना तथा यात्रियों और पैदल चलने वालों की सुरक्षा करना था। इस दौरान चालकों को नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के प्रति भी जागरूक किया गया।
संतोष कुमार ने कहा कि टोटो का संचालन निर्धारित नियमों के अनुसार और सावधानीपूर्वक किया जाना चाहिए। चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने, सुरक्षित गति से वाहन चलाने तथा गलत दिशा और गलत लेन में वाहन चलाने से बचने की हिदायत दी गई। मोड़ लेते समय और वाहन रोकते समय इंडिकेटर एवं हाथ के संकेतों का सही इस्तेमाल करने को कहा गया।
उन्होंने चालकों को सवारी बैठाने और उतारने के लिए सड़क के बीच में वाहन नहीं रोकने तथा सड़क किनारे सुरक्षित स्थान का उपयोग करने का निर्देश दिया। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन या ईयरफोन का इस्तेमाल नहीं करने और नाबालिगों को टोटो नहीं चलाने देने की बात भी कही गई। केवल वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखने वाले चालकों को ही वाहन चलाने की हिदायत दी गई।
काउंसलिंग के दौरान टोटो चालकों को पंजीकरण प्रमाण-पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट और बीमा सहित सभी जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखने को कहा गया। साथ ही बैटरी, हेडलाइट, टेललाइट और इंडिकेटर की नियमित जांच करने तथा रात में वाहन की दृश्यता बढ़ाने के लिए पीछे रिफ्लेक्टिव टेप या रिफ्लेक्टर लगाने की सलाह दी गई।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए चालकों को वाहन पूरी तरह रुकने के बाद ही यात्रियों को चढ़ाने और उतारने, किसी भी यात्री को हाथ-पैर बाहर नहीं निकालने देने तथा जल्दबाजी और लापरवाही से वाहन नहीं चलाने का निर्देश दिया गया।
संतोष कुमार ने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना चालक, यात्रियों और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए गंभीर खतरा है। इसलिए किसी भी परिस्थिति में नशे का सेवन कर वाहन नहीं चलाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और दुर्घटनाओं को रोकने में सहयोग करने की अपील की गई।




