दुर्गापूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, पूजा पंडालों में सीसीटीवी और अग्निशमन यंत्र लगाने का निर्देश

खरसावां। दुर्गापूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और सद्भावना बनाए रखने को लेकर खरसावां थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने की। बैठक में आगामी 16 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक दुर्गापूजा के आयोजन को लेकर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पूजा-अर्चना से पूर्व सभी पूजा स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कराने, बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा बिजली के खंभों पर सीएफएल बल्ब लगाने की मांग की गई। साथ ही पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
प्रशासन एवं पुलिस ने पूजा समितियों को पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, प्रत्येक पंडाल में कंट्रोल रूम बनाने, बिजली के तारों को सुरक्षित तरीके से लगाने तथा अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने का निर्देश दिया। इसके अलावा माइक सिस्टम की व्यवस्था, पुरुष एवं महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाने तथा निर्धारित रूट चार्ट और समय का पालन करने को कहा गया।
दुर्गापूजा के दौरान हुड़दंग करने वालों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को भी खुला रखने का निर्णय लिया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सके।
बैठक में त्योहार को आपसी भाईचारे, शांति, सद्भाव और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई। खरसावां के बाजारसाही स्थित सरकारी दुर्गा मंदिर, सेवा संघ पूजा समिति तलसाही और श्री श्री दुर्गा पूजा समिति बेहरासाई में दुर्गापूजा का आयोजन किया जाता है।
बैठक में खरसावां अंचल अधिकारी कप्तान सिंकू, थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह, एसआई हरेंद्र प्रताप सिंह, एएसआई मोहम्मद अख्तर अंसारी, एसआई अवधेश राय, मुखिया सुनीता तापे, ग्राम प्रधान खालिद खान, गोवर्धन राउत, सुब्रत सिंहदेव, मोहम्मद तबरेज, अजय मिश्रा, नयन नायक, भूपेंद्र सिंहदेव, हाजी अब्दुल गनी, अशोक राउत, दाता शंकर बेहरा, सुपक साहू समेत अन्य लोग उपस्थित थे।




