कोल्हान

जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन बंद करने का निर्णय वापस लेने की मांग

जमशेदपुर। टाटा-अमृतसर के बीच चलने वाली महत्वपूर्ण जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (18103/18104) के कोहरे के कारण प्रस्तावित परिचालन बंद किए जाने के निर्णय के विरोध में सतबीर सिंह सूमो ने टाटानगर रेलवे स्टेशन पर दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक मनीष कुमार जैन से मुलाकात की। उन्होंने जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान के रेल यात्रियों की चिंताओं और जनभावनाओं को उनके समक्ष रखा।

इस दौरान रेल मंत्री, भारत सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर ट्रेन का परिचालन बंद करने का निर्णय तत्काल वापस लेने की मांग की गई। सतबीर सिंह सूमो ने कहा कि कोहरे के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन आधुनिक तकनीक, नियंत्रित गति और आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ ट्रेन का परिचालन जारी रखा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि झारखंड समेत देश के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण जनसेवा है। यह ट्रेन लखनऊ, अयोध्या, बरेली, ऋषिकेश और अमृतसर जैसे महत्वपूर्ण शहरों तथा धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को जोड़ती है। श्री हरमंदिर साहिब, जलियांवाला बाग, अयोध्या और ऋषिकेश जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह रेल सेवा काफी महत्वपूर्ण है।

सतबीर सिंह सूमो ने कहा कि भारतीय रेलवे आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। फॉग-सेफ डिवाइस, आधुनिक सिग्नलिंग और संचार व्यवस्था जैसी तकनीकों के माध्यम से कोहरे के दौरान भी सुरक्षित रेल परिचालन किया जा सकता है। आवश्यकता पड़ने पर ट्रेन की गति नियंत्रित की जाए और अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जाएं, लेकिन महत्वपूर्ण जनसेवा को पूरी तरह बंद करना यात्रियों के हित में उचित नहीं होगा।

उन्होंने रेल प्रशासन से यात्रियों की सुरक्षा और रेल सेवा की निरंतरता के बीच संतुलन बनाते हुए जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन जारी रखने का जनहितकारी समाधान निकालने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि जमशेदपुर और पूरे कोल्हान के रेल यात्रियों की इस मांग को उचित स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।

इस अवसर पर चंचल भाटिया, जसवंत सिंह, कर्मजीत सिंह कमें, कुलवंत सिंह, कुलवंत सिंह कांटे, हैप्पी सिंह, सतनाम सिंह खुशीपुर, हरदीप सिंह सहित भाजपा के सिख समाज से जुड़े अनेक नेता एवं सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने ट्रेन का परिचालन बंद नहीं करने की मांग का समर्थन किया।

प्रमुख मांगें:

18103/18104 जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को कोहरे के कारण बंद करने का निर्णय वापस लिया जाए।

ट्रेन का नियमित परिचालन जारी रखा जाए।

कोहरे में आधुनिक सुरक्षा तकनीक और नियंत्रित गति का इस्तेमाल किया जाए।

यात्रियों की धार्मिक, सामाजिक, पारिवारिक एवं व्यावसायिक जरूरतों को ध्यान में रखा जाए।

यात्री सुरक्षा के साथ रेल सेवा की निरंतरता सुनिश्चित की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!