दुर्गापूजा से पहले अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, खरसावां में दो शराब भट्टियां ध्वस्त, 19 लीटर चुलाई शराब जब्त

सरायकेला-खरसावां। आगामी दुर्गापूजा को देखते हुए जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान तेज कर दिया गया है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर सोमवार, 5 अक्टूबर को अधीक्षक उत्पाद क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में विशेष छापामारी अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान खरसावां थाना क्षेत्र के बरजूडीह और गांगुडीह में अवैध रूप से संचालित दो चुलाई शराब भट्टियों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने कुल 19 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की, जबकि करीब 2,100 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
उत्पाद विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण और कारोबार में शामिल लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। संबंधित भट्ठी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने कहा है कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। दुर्गापूजा के मद्देनजर अवैध शराब के कारोबार पर नियंत्रण के लिए निगरानी और छापामारी अभियान को और प्रभावी बनाया गया है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण या बिक्री से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी संबंधित विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें।




