पोटका में कौशल अमीन प्रशिक्षण के लिए नामांकन शुरू, 18 अक्टूबर से शुरू होगी दो माह की कक्षा

पोटका। झारखंड के बेरोजगार युवाओं को अमीन के क्षेत्र में कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पोटका प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सहयोग से कौशल अमीन तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। नव भारत निर्माण संस्थान के निर्देशन में होने वाले इस प्रशिक्षण के लिए नामांकन प्रक्रिया 5 अक्टूबर से शुरू हो गई है, जो 15 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। इच्छुक अभ्यर्थी सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक नामांकन करा सकते हैं।
प्रशिक्षण का शुभारंभ 18 अक्टूबर 2026 से होगा और इसकी अवधि दो माह निर्धारित की गई है। प्रत्येक रविवार को तीन घंटे की कक्षा आयोजित होगी। आवश्यकता पड़ने पर रविवार के स्थान पर शनिवार को भी कक्षा आयोजित की जा सकती है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रकाश, डायगोनल स्केल ब्रास, जरीब सहित अमीन कार्य में उपयोग होने वाले विभिन्न उपकरणों और तकनीकी कार्यों की जानकारी दी जाएगी। इसमें मैट्रिक, इंटर एवं उच्च योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी नामांकन करा सकते हैं।
इसके अलावा झारखंड पुलिस, उत्पाद सिपाही, एसएससी जीडी, रेलवे ग्रुप डी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पूछे जाने वाले अमीन से संबंधित महत्वपूर्ण प्रश्नों की विशेष तैयारी भी कराई जाएगी। प्रशिक्षण के बाद सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों तथा विभिन्न विभागों में अमीन से संबंधित कार्यों के अवसरों की जानकारी भी उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
प्रशिक्षण शुल्क 350 रुपये निर्धारित किया गया है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग एवं महिला अभ्यर्थियों को 50 रुपये की विशेष छूट दी जाएगी। नामांकन के समय अभ्यर्थियों को पासपोर्ट साइज फोटो और योग्यता प्रमाण-पत्र साथ लाना होगा। प्रशिक्षण के बाद परीक्षा आयोजित कर प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने की भी जानकारी दी गई है।
इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए प्रशिक्षण प्रभारी से 7858017098 एवं 6287105001 पर संपर्क कर सकते हैं।




