*जमीन विवाद में बड़े भाई ने लोहे के रॉड से वार कर छोटे भाई की हत्या, आरोपी हिरासत में*
*बोदरा चौक के पास हुई घटना, चार भाइयों में सबसे छोटा था मृतक राकेश कालुंडिया*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बोदरा चौक के पास सोमवार को जमीन विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी। मृतक की पहचान 36 वर्षीय राकेश कालुंडिया के रूप में हुई है। आरोप है कि जमीन को लेकर हुए विवाद के दौरान बड़े भाई अनिल कालुंडिया ने राकेश के सिर पर लोहे के रॉड से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और आरोपी अनिल कालुंडिया को हिरासत में ले लिया।
परिजनों के अनुसार, परिवार में पिछले कुछ दिनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को चारों भाई और उनकी मां एक साथ बैठकर जमीन के बंटवारे और उससे जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान राकेश और उसके बड़े भाई अनिल के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान अनिल ने लोहे के रॉड से राकेश के सिर पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण राकेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक के भाई गणेश कालुंडिया और भाभी सुशांति कालुंडिया ने बताया कि चार भाइयों में अनिल सबसे बड़ा और राकेश सबसे छोटा था। दोनों भाइयों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। जमीन को लेकर चल रहा तनाव परिवार में परेशानी का कारण बना हुआ था। सोमवार को परिवार के सदस्यों के बीच बातचीत के दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक भाई की जान चली गई।
*नशे का आदी होने की बात कह रहे परिजन*
परिजनों ने बताया कि राकेश नशे का आदी था और अक्सर मारपीट पर उतारू हो जाता था। हालांकि, सोमवार को हुई घटना के पीछे जमीन विवाद को प्रमुख कारण बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने मौके पर पहुंचकर आरोपी अनिल कालुंडिया को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान घटना के कारणों और विवाद से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।




