कोल्हान

दुर्गापूजा को लेकर राजनगर में शांति समिति की बैठक, डीजे और भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट पर सख्ती के निर्देश

राजनगर। आगामी दुर्गापूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को राजनगर थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सर्किल इंस्पेक्टर राजेश टुडु ने की। बैठक में राजनगर थाना क्षेत्र की आठ प्रमुख दुर्गापूजा समितियों के पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग शामिल हुए।

बैठक में दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान डीजे पर रोक रहेगी और किसी भी तरह की भड़काऊ या विवादित गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सर्किल इंस्पेक्टर राजेश टुडु ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक, भ्रामक या झूठी खबरें प्रसारित करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी लोगों से जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने की अपील की।

बैठक में विजयादशमी के अवसर पर राजनगर दुर्गापूजा समिति की ओर से आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में वॉलेंटियर तैनात करने, सभी वॉलेंटियर को बैज लगाने तथा भीड़ और आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को कहा गया।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रत्येक पूजा पंडाल में सीसीटीवी कैमरा लगाने का भी निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति पर तत्काल निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बैठक में राजनगर पंचायत की मुखिया राजो टुडु, सांसद प्रतिनिधि भक्तु मार्डी, झामुमो केंद्रीय सदस्य विशु हेम्ब्रम, दुर्गालाल मुर्मू, दुर्गापूजा समिति के अध्यक्ष दिलीप राऊत, प्रेम मार्डी, हीरालाल सतपति, दिलीप महतो, सुधांशु महतो, राजकपूर प्रधान, पप्पू रॉय, राकेश दास, शेर मोहम्मद, उज्ज्वल मोदक, विनोद ज्योतिष समेत बड़ी संख्या में शांति समिति एवं पूजा समिति के सदस्य मौजूद रहे।

बैठक का मुख्य संदेश रहा कि सभी लोग आस्था और उत्साह के साथ दुर्गापूजा मनाएं, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए राजनगर में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित दुर्गापूजा सुनिश्चित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!