कोल्हान

*लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए चाईबासा में जिला स्तरीय मार्च* 

चाईबासा: लोकतंत्र, मताधिकार और संविधान के मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ कांग्रेस सात अक्टूबर को पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च निकालेगी। मार्च की तैयारियों को लेकर रविवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मताधिकार की रक्षा और मतदाता सूची में पारदर्शिता जरूरी है। ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से आम लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जिला प्रभारी सह प्रदेश महासचिव धर्मेन्द्र सोनकर ने कहा कि कांग्रेस देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ और ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान चला रही है। इसी क्रम में पश्चिमी सिंहभूम में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ समन्वय स्थापित कर जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मार्च को सफल बनाने के लिए सक्रियता से जुटने की अपील की।

राजद युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आफताब आलम ने अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए सभी लोकतांत्रिक एवं धर्मनिरपेक्ष शक्तियों को एकजुट होकर आगे आने की जरूरत है। उन्होंने मार्च में राजद कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी की बात कही।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि सात अक्टूबर के जिला स्तरीय मार्च के माध्यम से आम लोगों के बीच लोकतंत्र, निष्पक्ष चुनाव और वयस्क मताधिकार के संवैधानिक महत्व को लेकर जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। कांग्रेस ने आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील की।

प्रेस वार्ता में प्रदेश सचिव सह विधानसभा प्रभारी मायाधर बेहरा, चंद्रशेखर दास, राम सिंह सावैयां, रईस रिजवी छब्बन, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा, कामगार जिलाध्यक्ष हसलुद्दीन खान और शिक्षा विभाग चेयरमैन पुरुषोत्तम दास पान उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!