कोल्हान

*नौवें चक्र के बाद ही स्पष्ट होगी विजेता की स्थिति* 

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय रुंगटा सीमेंट इंटरनेशनल ओपन फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता के चौथे दिन दो चक्रों के मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला चल रहा है। विजेता और शीर्ष स्थानों की स्थिति नौवें एवं अंतिम चक्र के बाद ही स्पष्ट होगी।

जिला शतरंज संघ के महासचिव बसंत खण्डेलवाल ने बताया कि सातवें चक्र के अहम मुकाबले में बंगाल के रितिक चक्रवर्ती ने काले मोहरों से खेलते हुए क्लोज्ड सिसिलियन ग्रैंड प्रिक्स अटैक में बंगाल के सोमालिया मंडल को हराया। दूसरे बोर्ड पर इंटरनेशनल मास्टर आराध्या गर्ग ने 98.5 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ सफेद मोहरों से स्लाव डिफेंस खेलते हुए फीडे मास्टर एस. धनंजय को पराजित किया।

तीसरे बोर्ड पर बंगाल के सृजन साह ने किंग्स इंडियन अटैक में फीडे मास्टर हर्षित साहू को हराया। चौथे बोर्ड पर छत्तीसगढ़ के गगन साहू ने सिसिलियन डिफेंस के नजदोर्फ वेरिएशन में बंगाल के अनुस्तूप विश्वास को बराबरी पर रोका। पांचवें बोर्ड पर बंगाल के अर्पण दास ने रिहांत कूचे को पराजित किया।

आठवें चक्र में शीर्ष बोर्ड पर इंटरनेशनल मास्टर आराध्या गर्ग और रितिक चक्रवर्ती के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें क्वीन पॉन ओपनिंग खेली गई। दूसरे बोर्ड पर अर्पण दास ने सृजन साह के खिलाफ स्कैंडिनेवियन डिफेंस अपनाया। तीसरे बोर्ड पर बिहार के अनुभवी वेटरन खिलाड़ी वाई. पी. श्रीवास्तव का आंध्र प्रदेश की श्रवेयरी शेट्टी के साथ मुकाबला हुआ, जिसमें किंग्स इंडियन डिफेंस की शुरुआत की गई।

बसंत खण्डेलवाल ने बताया कि नौवें चक्र के परिणाम के बाद ही विजेता और शीर्ष स्थानों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। प्रतियोगिता का जायजा लेने पहुंचे जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं और आर्बिटर टीम को प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए बधाई दी।

नौवां और अंतिम चक्र रविवार सुबह 9 बजे खेला जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे खिरवाल बैंक्वेट हॉल में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!