चाईबासा महिला कॉलेज में गांधी और शास्त्री जयंती की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने लिया सत्य-अहिंसा और राष्ट्रसेवा का संदेश
इतिहास विभाग ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और योगदान पर की चर्चा, भाषण व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित

चाईबासा: महिला कॉलेज, चाईबासा के इतिहास विभाग की ओर से महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती की पूर्व संध्या पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्या डॉ. अंजना प्रेमा वंदना खलखो के मार्गदर्शन में हुआ, जिसकी शुरुआत महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा दीप प्रज्वलित करने के साथ की गई। कार्यक्रम के दौरान महिला कॉलेज की ऐतिहासिक स्थापना और उसकी विरासत पर भी चर्चा की गई। बताया गया कि कॉलेज की स्थापना 2 अक्टूबर 1969 को महात्मा गांधी की 100वीं जयंती के अवसर पर हुई थी। इस दौरान गांधीजी के विचारों और महिला शिक्षा के प्रति उनके दृष्टिकोण को कॉलेज की स्थापना एवं उद्देश्य से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. अमृता जायसवाल ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों तथा भारतीय इतिहास में उनके योगदान पर व्याख्यान दिया। उन्होंने मोहनदास से महात्मा गांधी तक की यात्रा, राष्ट्रीय आंदोलन में उनकी भूमिका और महिलाओं की भागीदारी पर प्रकाश डाला। उन्होंने गांधीजी की पुस्तक ‘हिंद स्वराज’ में बताए गए स्वदेशी, आत्मनिर्भरता, सीमित उपभोग और पर्यावरण संबंधी विचारों की वर्तमान समय में उपयोगिता पर भी चर्चा की। डॉ. अमृता जायसवाल ने वर्ष 1925 में गांधीजी के चाईबासा आगमन तथा उनके द्वारा चरखा एवं खादी के संदेश को लेकर भी विद्यार्थियों को जानकारी दी। वहीं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर चर्चा करते हुए उन्होंने उनकी सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम में डॉ. ललिता सुंडी ने गांधीजी के विचारों के वैश्विक प्रभाव पर चर्चा करते हुए नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग जूनियर के संदर्भ में गांधीवादी विचारधारा के प्रभाव की जानकारी दी। इस अवसर पर भाषण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अंजना सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सत्य, अहिंसा, सादगी, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रसेवा के मूल्यों की जानकारी दी गई। साथ ही महिला कॉलेज की ऐतिहासिक विरासत और महिला शिक्षा के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया गया।




