चांडिल में डायन होने के संदेह में विधवा से मारपीट, देवर गिरफ्तार, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
सावडीह गांव में दरवाजा तोड़कर घर में घुसने का आरोप, पीड़िता के बेटे के बयान पर नामजद प्राथमिकी; आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजा गया

चांडिल: चौका थाना क्षेत्र के सावडीह गांव में डायन होने के संदेह में एक विधवा महिला के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के देवर गुरुपद महतो उर्फ भूतू ने रविवार की देर रात करीब 11 बजे उसके घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और मारपीट की, जिससे गुरुवारी महतो उर्फ थुपी महतो गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के समय महिला घर में अकेली सो रही थी। आरोप के अनुसार, आरोपी ने महिला को डायन बताते हुए उसके साथ मारपीट की। महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चौका पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने घायल महिला को चांडिल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने डायन प्रथा और अंधविश्वास के नाम पर महिला के साथ मारपीट किए जाने की निंदा की है। चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के बेटे के बयान पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले में आरोपी देवर गुरुपद महतो उर्फ भूतू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पीड़िता के बेटे ने आरोप लगाया है कि पर्व के दौरान भी उसकी मां को कथित तौर पर चार बार डायन कहकर प्रताड़ित और मारपीट की गई थी। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




