Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

*बारिश, ठंडी हवाओं और कोहरे से सारंडा की रफ्तार थमी* 

चाईबासा: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गहरे अवदाब के प्रभाव से झारखंड-ओड़िशा सीमावर्ती सारंडा क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदल गया है। पिछले करीब 24 घंटे से किरीबुरू, मेघाहातुबुरु समेत आसपास के पहाड़ी इलाकों में रुक-रुककर बारिश, ठंडी हवाओं और घने कोहरे का दौर जारी है। खराब मौसम के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है और लोगों की दिनचर्या की रफ्तार धीमी पड़ गई है।

लगातार बारिश और घने कोहरे के कारण किरीबुरू-मेघाहातुबुरु की सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही कम रही। कई जगहों पर कोहरा इतना घना रहा कि दिन में भी वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। बारिश के कारण सड़कों पर फिसलन और कम दृश्यता की स्थिति बनी रही, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हुई।

खराब मौसम का असर स्कूली बच्चों और अभिभावकों पर भी देखने को मिला। बच्चे बारिश के बीच छाता और रेनकोट के सहारे स्कूल पहुंचे। वहीं बाजारों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा चहल-पहल कम रही। लगातार बारिश से दुकानदारों की बिक्री प्रभावित हुई। चाय, नाश्ता, सब्जी और दैनिक जरूरतों की दुकानों को छोड़कर अन्य दुकानों में ग्राहक कम दिखाई दिए।

बारिश के कारण दिहाड़ी मजदूरों की परेशानी भी बढ़ गई है। निर्माण, लोडिंग-अनलोडिंग समेत कई दैनिक मजदूरी के काम प्रभावित होने से मजदूरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। काम नहीं मिलने से दिहाड़ी पर निर्भर परिवारों की चिंता बढ़ गई है।

मौसम विभाग ने पश्चिमी सिंहभूम समेत झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, ओड़िशा के प्रभावित जिलों में खराब मौसम को देखते हुए 24 सितंबर तक स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने जैसे एहतियाती कदम उठाए गए हैं। फिलहाल लोगों से बारिश, घने कोहरे और कम दृश्यता को देखते हुए सावधानी बरतने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!