राजनगर: भालू के हमले में 80 वर्षीय ग्रामीण गंभीर, पैर की हड्डी टूटी
बलरामपुर गांव से बैठकालसाईं जाने के दौरान रास्ते में हुआ हमला, एमजीएम अस्पताल में चल रहा इलाज

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड क्षेत्र में रविवार की अहले सुबह भालू के हमले में 80 वर्षीय ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुबह करीब 5:45 बजे की बताई जा रही है। हमले के बाद बलरामपुर और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
रास्ते में अचानक भालू ने किया हमला
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर गांव निवासी 80 वर्षीय मानसिंह हांसदा अपने गांव से बैठकालसाईं की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। बताया गया कि भालू ने उन्हें नोचने और काटने से गंभीर रूप से घायल कर दिया।
हमले में उनके पैर की हड्डी टूट गई है। इसके अलावा शरीर के कई हिस्सों में काटने और नाखून के गहरे निशान होने की बात परिजनों की ओर से बताई गई है।
एमजीएम अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने घायल मानसिंह हांसदा को तत्काल जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वन विभाग से कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में भालू की मौजूदगी को लेकर चिंता जताते हुए वन विभाग से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि दोबारा इस तरह की घटना न हो।
घटना के बाद बलरामपुर और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीण जंगल और आसपास के रास्तों से आवागमन को लेकर भी चिंतित हैं।



