चाईबासा के टुंटाकटा फुटबॉल प्रतियोगिता में पहुंचे पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, युवाओं को बताया देश का भविष्य
तीन दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह; मुंडा, जूनियर और सीनियर वर्ग के विजेताओं को दिए गए पुरस्कार

चाईबासा: भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष एवं झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई बुधवार को मझगांव विधानसभा क्षेत्र के कुमारडुंगी प्रखंड अंतर्गत टुंटाकटा पहुंचे। यहां टाटी कुटी नोरसिंह पाठ पूजा समिति, टुंटाकटा की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता में उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया।
पूजा-अर्चना के बाद खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद बड़कुंवर गागराई ने पूजा स्थल पर माथा टेका और नारियल फोड़कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों और आयोजकों से मुलाकात कर टीमों का उत्साह बढ़ाया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। खेल युवाओं में अनुशासन, मेहनत, टीम भावना और आगे बढ़ने की सोच विकसित करता है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, बल्कि जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। उन्होंने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
युवाओं की राजनीति में भागीदारी पर भी दिया जोर
बड़कुंवर गागराई ने कहा कि वर्तमान समय में युवा समाज और देश की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने राजनीति में भी युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की बात कही।
उन्होंने युवाओं से क्षेत्र की समस्याओं, शिक्षा, रोजगार, खेल और विकास के मुद्दों को समझकर अपनी भूमिका तय करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता के मुद्दों को प्रमुखता देने और गांव स्तर पर लोगों से जुड़े रहने की आवश्यकता है।
तीन वर्गों में टीमों ने दिखाया दम
प्रतियोगिता के मुंडा स्तरीय वर्ग में सारना डोट कोम विजेता रहा। विजेता टीम को खस्सी और 5 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। निहार एफसी नरंगा साई उपविजेता रहा, जिसे खस्सी और 3 हजार रुपये प्रदान किए गए।
जूनियर वर्ग में जितेन 11 एफसी विजेता और एसएस स्टार तिरिलपी उपविजेता रहा। विजेता को खस्सी और 5 हजार रुपये तथा उपविजेता को खस्सी और 3 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
वहीं, सीनियर वर्ग में जेबीएल स्टार टुंटाकटा विजेता रहा, जिसे 10 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। योवन कोड़ा एफसी मालिड़ू उपविजेता रहा और उसे 5 हजार रुपये प्रदान किए गए।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में अध्यक्ष आनंद सिंकु, उपाध्यक्ष सुखलाल गोप, सचिव रामेश्वर सिंकु, सह सचिव मथुरा हेंब्रम, कोषाध्यक्ष योगेश पिंगुवा, सह कोषाध्यक्ष राजकिशोर महाराणा, संरक्षक मनोज सिंकु, पूजा व्यवस्थापक गोपाल गोप, लोवो गोप, सलाहकार ग्रामीण मुंडा सुखलाल सिंकु, लालगढ़ पीढ़ के मानकी सुमन सिंकु समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा महेंद्र प्रसाद गोप, विजय सिंह पिंगुवा, मंगल सिंह हेंब्रम, कुमारडुंगी भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर सिंकु, मझगांव भाजपा मंडल अध्यक्ष पीतांबर राउत, तांतनगर भाजपा मंडल अध्यक्ष जोगेश सवैया, दामुराम पाठ पिंगुवा, जागदीश नायक, कांग्रेस मांझी सहित भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




