*उपायुक्त ने सदर अस्पताल के ओपीडी का किया निरीक्षण, अनुपस्थित फार्मासिस्ट को नोटिस का निर्देश*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने शुक्रवार को सदर अस्पताल, चाईबासा के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकीय सेवाओं, अल्ट्रासाउंड केंद्र, निबंधन केंद्र और दवा वितरण केंद्र की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था को बेहतर बनाने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, सिविल सर्जन डॉ. मीना कालुंडिया और अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. शिवचरण हांसदा सहित अन्य पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने ओपीडी में चिकित्सकों द्वारा मरीजों को दी जा रही सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को समय पर चिकित्सकीय परामर्श और जरूरी उपचार मिलना चाहिए। सभी स्वास्थ्यकर्मियों को अपनी जिम्मेदारी निभाने और मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अल्ट्रासाउंड केंद्र, निबंधन केंद्र और दवा वितरण केंद्र की कार्यप्रणाली की भी जानकारी ली। संबंधित कर्मियों को निर्धारित नियमों का पालन करने, व्यवस्था सुचारू रखने और मरीजों को अनावश्यक परेशानी से बचाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट प्रवीण मुखर्जी बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर उपायुक्त ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल के सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति तथा कार्यों के प्रति जवाबदेही जरूरी है। किसी कर्मचारी की अनुपस्थिति से मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधक को विभिन्न विभागों के कामकाज की नियमित निगरानी करने और उनके बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए आम लोगों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने और अस्पताल की व्यवस्था में आवश्यक सुधार लाने को भी कहा।




