कोल्हान

*रेलवे ट्रैक पर हाथियों की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर 286 लोको पायलटों को दिया गया प्रशिक्षण*

जमशेदपुर: रेलवे ट्रैक पर हाथियों की आवाजाही के दौरान सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम की ओर से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। दक्षिण पूर्व रेलवे के इलेक्ट्रिक लोको पायलट ट्रेनिंग सेंटर के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में चक्रधरपुर, खड़गपुर, रांची और आद्रा मंडल के कुल 286 वरिष्ठ एवं सहायक लोको पायलटों ने हिस्सा लिया।

प्रशिक्षण के दौरान सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने रेलवे ट्रैक पर हाथियों की आवाजाही के कारणों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दक्षिण पूर्व रेलवे के चारों मंडलों में हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्र हैं। वन्यजीवों और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हाथी प्रभावित रेलखंडों को चिह्नित किया जाता है। इन क्षेत्रों में रेल परिचालन के दौरान निर्धारित गति सीमा और सुरक्षा निर्देशों का पालन करना जरूरी है।

संतोष कुमार ने बताया कि हाथियों के पारंपरिक आवागमन मार्ग कई जगह रेलवे ट्रैक से होकर गुजरते हैं। भोजन और पानी की तलाश में हाथी अपने पुराने रास्तों पर चलते हुए रेल पटरी तक पहुंच जाते हैं। रात में कम दृश्यता और जंगल के ऊबड़-खाबड़ रास्तों की तुलना में रेलवे ट्रैक का समतल होना भी इसकी एक वजह है।

उन्होंने लोको पायलटों को निर्देश दिया कि ट्रैक पर हाथी दिखाई देने पर निर्धारित परिचालन नियमों के अनुसार गति नियंत्रित करें और संबंधित रेल अधिकारियों को तत्काल सूचना दें। उन्होंने कहा कि रेल परिचालन के दौरान वन्यजीवों के साथ यात्रियों और रेलकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में डिजिटल माध्यम और पावरपॉइंट प्रस्तुति के जरिए विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। सैद्धांतिक प्रशिक्षण के बाद आउटडोर मैदान में मॉक ड्रिल आयोजित कर प्राथमिक उपचार और अग्नि सुरक्षा का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।

डेमोस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह ने हार्ट अटैक, हार्ट फेलियर और कार्डियक अरेस्ट के बीच अंतर समझाया। उन्होंने सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देने की विधि का प्रदर्शन किया। साथ ही विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों के सुरक्षित और सही इस्तेमाल की जानकारी दी।

वहीं, डेमोस्ट्रेटर अनामिका मंडल ने घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार देने और बैंडेज करने की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि आपातकालीन स्थिति में घायल की हालत के अनुसार सही प्राथमिक उपचार देना महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में रिफ्रेशर और प्रमोशनल प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे ऐसे लोको पायलट शामिल हुए, जो वंदे भारत, दुरंतो, राजधानी, सुपरफास्ट, पैसेंजर और मालगाड़ियों का परिचालन करते हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य लोको पायलटों को वन्यजीव सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना था।

कार्यक्रम के अंत में लोको पायलटों ने रेल सिविल डिफेंस टीम के प्रशिक्षण की सराहना की। इस पहल से रेलकर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्कता बरतने और जरूरत पड़ने पर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य करने के लिए तैयार करने पर जोर दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!