मनोहरपुर के संत अगस्टिन कॉलेज में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को यातायात नियमों की दी जानकारी
तेज रफ्तार और नशे में ड्राइविंग से बचने की अपील, गोल्डन ऑवर में घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले मददगारों को गुड सेमेरिटन पॉलिसी की जानकारी

मनोहरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड स्थित संत अगस्टिन महाविद्यालय में जिला परिवहन कार्यालय के निर्देश पर सोमवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सड़क सुरक्षा टीम के राजदेव पासवान ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क संकेतों और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने तेज गति से वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग करने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में बताया। विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और अपने आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। मनोहरपुर थाना के अवर निरीक्षक ने लोगों से नशे में वाहन नहीं चलाने और तेज रफ्तार से बचने की अपील की। वहीं, जेएमएम छात्र मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष एवं सड़क सुरक्षा दूत गोवर्धन ठाकुर ने झारखंड गुड सेमेरिटन पॉलिसी की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले मददगारों के लिए सरकार की ओर से प्रोत्साहन राशि और कानूनी संरक्षण का प्रावधान है। कार्यक्रम में संत अगस्टिन महाविद्यालय के प्राचार्य विक्रम नाग, डालसा के अशोक कुमार महतो, जेराई हेंब्रम, सुनील लुगुन, सड़क सुरक्षा दूत, मंडल अध्यक्ष तिला तिर्की, प्रमोद केरकेट्टा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




