जमशेदपुर के पारडीह में अघोरेश्वर भगवान राम अभेद आश्रम का 66वां स्थापना दिवस, हेल्थ कैंप और भोग प्रसाद का आयोजन
प्रभात फेरी, सफाई अभियान और सत्संग के साथ मनाया गया स्थापना दिवस, सैकड़ों लोगों ने लिया स्वास्थ्य शिविर का लाभ

जमशेदपुर: पारडीह चौक स्थित अघोरेश्वर भगवान राम अभेद आश्रम में 66वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर प्रभात फेरी, सफाई अभियान, सत्संग और हेल्थ कैंप समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के साथ दूर-दराज से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और भोग प्रसाद ग्रहण किया।
1961 में हुई थी आश्रम की स्थापना
आश्रम के व्यवस्थापक रामाशंकर सिंह ने बताया कि आश्रम की स्थापना वर्ष 1961 में हुई थी। तब से संस्था मानव कल्याण के क्षेत्र में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आश्रम का नाम कुष्ठ रोग के निदान से जुड़े कार्यों के लिए लिम्का बुक और गिनीज बुक में भी दर्ज है।
उन्होंने कहा कि आश्रम सरकार से किसी प्रकार का अनुदान लिए बिना अपने स्तर पर 19 सूत्री कार्यक्रम संचालित करता है। इसके तहत पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न सुदूर गांवों, स्लम बस्तियों और सबर टोलों में जाकर असहाय, पीड़ित और दिव्यांग लोगों की सेवा की जाती है।
गरीब बच्चों के लिए स्कूल भी संचालित
आश्रम परिसर में गरीब बच्चों के लिए सीबीएसई बोर्ड के तहत छठी कक्षा तक स्कूल भी संचालित किया जा रहा है। आश्रम प्रबंधन के अनुसार शिक्षा और मानव सेवा के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
फाउंडर सदस्यों से जुड़ा रहा है परिवार
आश्रम के उपाध्यक्ष सह वरिष्ठ समाजसेवी शंभू सिंह ने कहा कि उनके पिता आश्रम के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। इसी जुड़ाव के कारण वे भी समर्पित भाव से आश्रम से जुड़े हैं और मानव सेवा के कार्यों में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पूरे भारत में विभिन्न क्षेत्रों में 128 आश्रम संचालित होने की जानकारी दी गई है। ये आश्रम श्री सर्वेश्वरी समूह के संस्थापक अघोरेश्वर भगवान राम से जुड़े हैं, जबकि समूह का प्रधान आश्रम बनारस में स्थित है।
हेल्थ कैंप में लोगों ने लिया लाभ
आश्रम के कोषाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने बताया कि 66वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रभात फेरी, सफाई अभियान, सत्संग और हेल्थ कैंप सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। हेल्थ कैंप में स्कूली बच्चों समेत दूर-दराज से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने लाभ लिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के बीच भोग प्रसाद का वितरण किया गया।




