हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग में प्रदूषण के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान
जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल और मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने प्रेसवार्ता में की घोषणा, 12 सितंबर से हजारों ग्रामीणों के हस्ताक्षर अभियान की होगी शुरुआत

पोटका:- प्रखंड के हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग में कथित रूप से फैल रहे प्रदूषण के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन करने का ऐलान किया गया है। बुधवार को हाता में आयोजित प्रेसवार्ता में जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल, मुखिया देवी कुमारी भूमिज सहित अन्य लोगों ने आंदोलन की घोषणा की।
प्रेसवार्ता में नेताओं ने कहा कि हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन पर वर्ष 2022 में साइडिंग का काम शुरू हुआ था। यहां विभिन्न कंपनियों के लौह अयस्क, कोयला सहित अन्य खनिजों की लोडिंग और अनलोडिंग प्रतिदिन सैकड़ों वाहनों के माध्यम से की जाती है। आरोप है कि इस गतिविधि के कारण क्षेत्र में प्रदूषण की समस्या गंभीर होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदूषण से हल्दीपोखर, नुआग्राम, रोलाघुटू और गंगाडीह समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्र प्रभावित हो रहे हैं। क्षेत्र में संचालित चार बड़े स्कूलों के छात्र-छात्राओं पर भी प्रदूषण का असर पड़ने की बात कही गई। नेताओं के अनुसार हाता से हल्दीपोखर के बीच आवागमन करने वाले लोगों को भी प्रदूषण के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदूषण की रोकथाम की मांग को लेकर स्टेशन मास्टर, रेलवे के डीआरएम, सीकेपी, जीएम कोलकाता, उपायुक्त तथा प्रदूषण विभाग रांची एवं आदित्यपुर को लिखित मांगपत्र सौंपे जाने की जानकारी दी गई। इसके बाद मामला एनजीटी दिल्ली के समक्ष भी रखा गया। प्रेसवार्ता में आरोप लगाया गया कि एनजीटी में शिकायत के बाद संबंधित विभाग की टीमें जांच के लिए पहुंचती हैं, लेकिन इसके बाद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होती। जांच के दौरान शिकायतकर्ताओं को सूचना नहीं दिए जाने की बात भी कही गई।
ग्रामीणों को हो रही परेशानी को देखते हुए अब आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। पहले चरण में 12 सितंबर को हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन के समीप हजारों ग्रामीणों के हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद धरना-प्रदर्शन समेत अन्य आंदोलनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही गई।
आंदोलनकारियों की मुख्य मांग है कि हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में फैल रहे कथित जानलेवा प्रदूषण पर शीघ्र रोक लगाई जाए और ग्रामीणों को प्रदूषण से राहत दिलाई जाए।
प्रेसवार्ता में समाजसेवी कृष्णा गोप, भाजपा नेता मनोज राम, गणेश सरदार, मनोज सरदार, प्रकाश सरदार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




