Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpurझारखंडराज्यशासन प्रशासन

जयराम महतो के समर्थन में उतरे पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो और आभा महतो, पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

जमशेदपुर:- झारखंड के विधायक जयराम महतो के समर्थन में अब जमशेदपुर के पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो और आभा महतो भी सामने आए हैं। दोनों पूर्व सांसदों ने गुरुवार को अपने आवासीय कार्यालय में बातचीत के दौरान जयराम महतो के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल उठाए और पूरे मामले को लेकर सरकार की भूमिका पर भी चिंता जताई।

शैलेंद्र महतो और आभा महतो ने कहा कि एक विधायक के पीछे पूरे राज्य की पुलिस का पड़ जाना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष का इस मामले में मूकदर्शक बने रहना राज्यहित में नहीं है।

पूर्व सांसदों के मुताबिक, मामला अब केवल किसी व्यक्ति या विधायक तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह राज्य की विधायिका और कार्यपालिका के बीच टकराव की स्थिति पैदा करता दिखाई दे रहा है। ऐसी परिस्थिति लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।

उन्होंने सरकार और विधानसभा से समय रहते हस्तक्षेप कर मामले को संभालने की अपील की। उनका कहना है कि यदि समय रहते गंभीर पहल नहीं की गई तो आने वाले दिनों में इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं और इसका खामियाजा पूरे झारखंड को भुगतना पड़ सकता है।

पुलिस संगठन की रणनीति पर भी जताई चिंता

शैलेंद्र महतो और आभा महतो ने कहा कि 8 से 10 सितंबर के बीच झारखंड पुलिस संगठन अपनी रणनीति तय करेगा। उन्होंने आशंका जताई कि इसके बाद यदि किसी प्रकार का आंदोलन शुरू होता है तो उसका असर राज्य की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था पर पड़ सकता है।

दोनों पूर्व सांसदों ने चेतावनी दी कि ऐसी स्थिति झारखंड के लिए गंभीर और नुकसानदायक साबित हो सकती है। उन्होंने सरकार से अपील की कि मामले को राजनीतिक टकराव का रूप लेने से पहले संवाद और संवैधानिक व्यवस्था के माध्यम से समाधान निकाला जाए।

पूर्व सांसदों ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के बीच समन्वय बनाए रखना जरूरी है, ताकि किसी भी विवाद का समाधान बातचीत और संवैधानिक प्रक्रिया के तहत किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!