Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानचाईबासाशिक्षा जगत

चाईबासा में कोल्हान विश्वविद्यालय का 7वां दीक्षांत समारोह 29 सितंबर को, 224 उपाधियां और 26 स्वर्ण पदक होंगे प्रदान

राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार होंगे मुख्य अतिथि, पहली बार क्यूआर कोड वाली सुरक्षित डिजिटल सत्यापन सुविधा से लैस डिग्री होगी जारी

चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा का 7वां दीक्षांत समारोह 29 सितंबर 2026 को विश्वविद्यालय परिसर स्थित वीर शहीद पोटो हो सभागार में आयोजित किया जाएगा। इसकी जानकारी रविवार को विश्वविद्यालय के सभा कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने दी। समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार होंगे। इस अवसर पर कुलपति विश्वविद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों और प्रगति का प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगी। कुलपति ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे शुरू होगा और सभी उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सुबह 9 बजे तक सभागार में पहुंचना होगा। दीक्षांत समारोह में कुल 224 उपाधियां प्रदान की जाएंगी, जिनमें 26 स्वर्ण पदक, 39 पीएचडी, 132 पीजी, 10 एमएड और 17 पीजी मेडिकल डिप्लोमा की उपाधियां शामिल हैं। 26 स्वर्ण पदक विजेताओं में पीजी सत्र 2023-25 के 23, एमएड सत्र 2023-25 का एक, बीएड सत्र 2023-25 का एक और एमबीए सत्र 2022-24 का एक विद्यार्थी शामिल है। स्वर्ण पदक प्राप्त करने वालों में 15 छात्राएं और 11 छात्र हैं, जबकि पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वाले 39 शोधार्थियों में 20 छात्राएं और 19 छात्र शामिल हैं। विश्वविद्यालय इस दीक्षांत समारोह से नई तकनीक से तैयार सुरक्षित डिग्री की शुरुआत करेगा। डिग्री पर क्यूआर कोड होगा, जिसे स्कैन कर उपाधि और उपलब्ध शैक्षणिक विवरणों का डिजिटल सत्यापन किया जा सकेगा। विश्वविद्यालय के अनुसार डिग्री को वॉटरप्रूफ और फायरप्रूफ बनाया गया है तथा इसमें सुरक्षा वॉटरमार्क, हाई-रिजोल्यूशन प्रिजमैटिक पैटर्न, यूवी प्रकाश में दिखाई देने वाला अदृश्य लोगो और माइक्रो टेक्स्ट जैसी सुरक्षा विशेषताएं होंगी। फोटोकॉपी करने पर भी विशेष सुरक्षा पहचान दिखाई देगी और इन विशेषताओं के कारण डिग्री में लैमिनेशन कराने की आवश्यकता नहीं होगी। दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है। छात्रों को सफेद कुर्ता-पायजामा तथा छात्राओं को लाल या सुनहरे बॉर्डर वाली क्रीम या ऑफ-व्हाइट साड़ी अथवा सफेद/ऑफ-व्हाइट सलवार-सूट और लाल दुपट्टा पहनना होगा। सभागार में काले रंग के वस्त्र या सामान की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, बैग और छाते को भी सभागार में ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। प्रेस वार्ता में डीन अकादमिक अफेयर्स डॉ. संजय यादव, निदेशक एफिलिएटेड कॉलेज डॉ. प्रभात कुमार, परीक्षा नियंत्रक रिंकी दोराई तथा निदेशक एनएसएस एवं मीडिया प्रवक्ता डॉ. मीनाक्षी मुंडा उपस्थित थीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!