चाईबासा के पंडावीर गांव में डायन के संदेह में महिला की हत्या, जंगल से मिला शव; दो गिरफ्तार
58 वर्षीय शंकरी सुरीन को घर से जबरन ले जाने का आरोप, कनपटी पर पत्थर से चोट के निशान मिले

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पंडावीर गांव में डायन होने के संदेह में 58 वर्षीय महिला शंकरी सुरीन की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मंगलवार की रात चार-पांच लोग महिला को उसके घर से जबरन बाहर ले गए और बाद में पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद महिला का शव गांव से करीब सात किलोमीटर दूर पासुबेड़ा क्षेत्र के सौदाबुरु जंगल से बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में बुधराम गोप और पलटन सुरीन को गिरफ्तार किया है।
पति ने विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात शंकरी सुरीन अपने पति सानगी सुरीन के साथ घर पर थी। इसी दौरान चार-पांच लोग उसके घर पहुंचे और शंकरी को जबरन अपने साथ ले जाने लगे। सानगी सुरीन ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर उसके साथ भी मारपीट की। इसके बाद आरोपी महिला को अपने साथ लेकर चले गए।
देर रात तक शंकरी सुरीन के वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई। ग्रामीणों को भी घटना की जानकारी मिली। बुधवार सुबह गांव के मुंडा ने मामले की सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी।
सौदाबुरु जंगल में मिला महिला का शव
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान गांव से करीब सात किलोमीटर दूर पासुबेड़ा क्षेत्र के सौदाबुरु जंगल में शंकरी सुरीन का शव बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, महिला की कनपटी पर पत्थर से चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दो संदिग्ध गिरफ्तार, पूछताछ जारी
मामले की जानकारी मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस ने जांच तेज करते हुए बुधराम गोप और पलटन सुरीन को गिरफ्तार किया। दोनों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे महिला पर डायन होने का संदेह किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस हत्या में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला को घर से जंगल तक किन परिस्थितियों में ले जाया गया और घटना में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।
पुलिस ने पूरे मामले की जांच जारी होने की बात कही है।




